लखनऊ। सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में चार लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना जताते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि रविवार सुबह सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 79.6 के पास हादसा हुआ। शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















