श्रावस्ती में AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान ओवैसी ने भिनगा विधानसभा सीट से दद्दन खां को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। दद्दन खां इससे पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) में थे और अब उन्होंने AIMIM का दामन थाम लिया है। भिनगा सीट को समाजवादी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है और पिछले दो चुनावों से यहां सपा का कब्जा रहा है।
भिनगा विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी संख्या होने के कारण सपा का यहां मजबूत आधार माना जाता है। ऐसे में AIMIM की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में सियासी मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं। दद्दन खां के AIMIM में शामिल होने और उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने को पार्टी के लिए इलाके में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
श्रावस्ती में सभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश की राजनीति पर तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश कुंवारों के हाथ में है और जब कमरा भी कुंवारों को नहीं दिया जाता तो प्रदेश कैसे दे दिया जाए। ओवैसी ने यह भी सवाल उठाया कि जब श्रावस्ती में मदरसों और मस्जिदों पर बुलडोजर चलाया जा रहा था, तब समाजवादी पार्टी कहां थी। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए उसे ‘चाइना का माल’ बताया और कहा कि यह ज्यादा दिन नहीं चलता।
ओवैसी ने कहा कि उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए हाथ बढ़ाया था, लेकिन अखिलेश यादव की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उनका हाथ अखिलेश यादव के गिरेबान तक भी जा सकता है। साथ ही ओवैसी ने कहा कि अगर ‘बाबा’ को हराने के लिए आज भी इंडिया अलायंस से हाथ मिलाना पड़ा तो वह इसके लिए तैयार हैं। श्रावस्ती में ओवैसी के इस बयान के बाद भिनगा विधानसभा की सियासत में AIMIM की एंट्री से मुकाबला और रोचक होने की चर्चा शुरू हो गई है।




















