सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र के लोरपुर गांव में दो गुटों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल ऋषिकेश पुत्र रामनवल निवासी हकीमपुर की तहरीर पर तीन नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 1:40 बजे बनगवाडीह पंचायत भवन के पास मुखबिर की सूचना पर सचिन वर्मा पुत्र राममूर्ति वर्मा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से बनके गांव, कादीपुर का रहने वाला है और वर्तमान में बेहराभारी, अखंडनगर में रह रहा था। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर मारपीट में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में आरक्षी विजय कुमार गुप्ता और अमित यादव की टीम ने की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों और अज्ञात लोगों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
लोरपुर गांव में दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















