श्रावस्ती में बुधवार को प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के कारागार विभाग के मंत्री दारा सिंह चौहान ने एक दिवसीय दौरे के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जूनियर हाईस्कूल भिनगा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। यात्रा में प्रभारी मंत्री के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडेय, जिला प्रभारी त्रयंबर नाथ तिवारी और जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा समेत जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के वाराणसी और मुख्यमंत्री के लखनऊ से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। इसके बाद सेवा ज्योति कलश यात्रा जूनियर हाईस्कूल भिनगा से ईदगाह तिराहा तक निकाली गई। प्रभारी मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने हाथों में सेवा ज्योति लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इसके बाद तथागत हाल में आयोजित ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर एवं दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण’ कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री शामिल हुए। इस दौरान नौ बधिर बच्चों को श्रवण किट, 12 दृष्टिबाधित लाभार्थियों को सुगम्य केन किट, 15 लोगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और 70 लाभार्थियों को हस्तचलित ट्राईसाइकिल दी गई। ‘मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना’ के तहत पांच लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। स्वास्थ्य शिविर में 519 श्रमिकों का परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं, जबकि 319 श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में दारा सिंह चौहान ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवाकाल को समर्पित है और सेवा, समर्पण व राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के निर्माण में सहभागिता का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और जिलाध्यक्ष ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





















