छह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना
लखनऊ। रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय, राजाजीपुरम में गुरुवार, 8 अक्तूबर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संविदा एवं आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों ने पूर्ण कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से सेवाएं देने के बावजूद उनकी सेवा संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नियमितीकरण में प्राथमिकता दिए जाने, समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आयु सीमा में छूट देने की मांग उठाई।
इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग निगम में शामिल करने, कर्मचारियों को समय से वेतन उपलब्ध कराने और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के समायोजन की मांग भी की गई। कर्मचारियों ने अपने और अपने परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
कर्मचारियों ने कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं में लंबे समय से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें रोजगार सुरक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और संबंधित अधिकारियों एवं शासन से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।





















