अयोध्या के इनायतनगर थाना क्षेत्र के अलीपुर खजूरी गांव में अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने खंडित प्रतिमा देखी और इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी संबंधित थाना पुलिस के साथ उच्च अधिकारियों को दी।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष और एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली और गांव की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस-प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रशासन की ओर से तत्परता दिखाते हुए अंबेडकर की नई प्रतिमा मंगवाकर उसी स्थान पर स्थापित करा दी गई। अधिकारियों की मौजूदगी में प्रतिमा स्थापित होने के बाद गांव में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने का फैसला किया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और निगरानी रखी जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।





















