सरोजनीनगर, लखनऊ। सैनिक स्कूल स्थित बोटिंग क्लब तालाब के छठ पूजा स्थल पर जलभराव की समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक नव रत्न से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर नाले से आ रहे पानी के कारण पूजा स्थल पर हो रहे जलभराव की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।
व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने बताया कि बोटिंग क्लब तालाब स्थित इस स्थल पर पिछले करीब 40 वर्षों से छठ पूजा का आयोजन होता आ रहा है। ऐसे में पूजा स्थल पर नाले का पानी भरने से आयोजन की तैयारियों में बाधा आ सकती है। साथ ही छठ पूजा के दौरान यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक से समस्या का जल्द समाधान कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से पहले जलभराव की समस्या दूर होना जरूरी है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें। इस पर परियोजना निदेशक नव रत्न ने मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव रवीश श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार जगजीत सिंह और उपाध्यक्ष राजेश प्रताप दुबे समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अब व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि पूजा स्थल पर जलभराव की समस्या का समाधान समय रहते हो पाता है या नहीं।





















