सरोजनीनगर, लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक 22 वर्षीय युवक ने सई नदी के पुल से पानी में छलांग लगा दी। युवक को नदी के तेज बहाव में बहता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसके परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर युवक की तलाश करने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, लतीफ नगर गांव की महिला ग्राम प्रधान मालती शुक्ला के परिवार से संबंधित युवक आश्रय शुक्ला उर्फ कल्लू शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर लतीफ नगर से रहीम नगर पड़ियाना जाने वाले मार्ग पर स्थित सई नदी के पुल पर पहुंचा था। बताया गया कि उसने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने नदी में उतरकर उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलने पर बंथरा पुलिस ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया। घटना की जानकारी मिलने पर सरोजनीनगर के तहसीलदार जेपी सिंह और कृष्णानगर के एसीपी लक्ष्मण वर्मा भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। एसडीआरएफ की तीन टीमों ने नदी में उतरकर तलाश अभियान चलाया। टीमों ने नदी में करीब चार किलोमीटर तक खोजबीन की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
देर शाम तक तलाश जारी रहने के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर अंधेरा होने के कारण शाम करीब 6:30 बजे अभियान रोक दिया गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह फिर से युवक की तलाश शुरू की जाएगी। घटना के बाद से परिजन परेशान हैं और युवक का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।





















