अयोध्या में दुर्गा पूजा और रामलीला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अधिकारियों के साथ पैदल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की राह में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए और व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक नगर निगम, जल निगम, लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए नाका क्षेत्र तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सड़कों, सफाई और बिजली व्यवस्था की स्थिति देखी। हनुमानगढ़ी के सामने सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर मरम्मत पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों और रास्तों पर पड़ी निर्माण सामग्री तत्काल हटाने को कहा।
वेद प्रकाश गुप्ता ने पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए। विद्युत विभाग से ढीले और जर्जर तारों को तत्काल ठीक कराने को कहा गया। विधायक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ युद्ध स्तर पर काम करने और तय समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, सुप्रीत कपूर, गगन जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि अमल गुप्ता, जय प्रकाश श्रीवास्तव, अरविंद सिंह, संदीप मध्यान, आलोक सिंह, प्रकाश गुप्ता, मीडिया प्रभारी अमित मिश्र और शोभित कपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासनिक तैयारियों के बीच अब संबंधित विभागों के सामने तय समय में व्यवस्थाएं सुधारने की जिम्मेदारी है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा और रामलीला के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।





















