बहराइच की रिजर्व पुलिस लाइन में मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अनुपमा जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने केंद्र और राज्य सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को जागरूक रहने और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता जताते हुए महिलाओं से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा सुरक्षा से जुड़े उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस की सहायता लें। कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं मिशन शक्ति नोडल अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, नगर निकाय, मूक-बधिर संस्थान, पुलिस मॉडर्न स्कूल और पुलिस विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और उनके योगदान को पहचान दिलाना रहा।




















