चंदौली में आगामी 1 नवंबर 2026 को मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस शिविर की तैयारियों के तहत 14 अक्टूबर को विकासखंड नियामताबाद में प्री-मेगा कैंप लगाया गया। इसकी अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने की। कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्री-मेगा कैंप में प्रभारी खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, सहायक लेखा अधिकारी अभिमन्यु कुमार, सहायक विकास अधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा और बाल विकास परियोजना अधिकारी मधु सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां उपस्थित लोगों को सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं से जुड़ी सुविधाओं और उनके लाभ के बारे में लोगों को जागरूक किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने बताया कि प्री-मेगा कैंप का मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। जागरूकता के अभाव में कई बार पात्र लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 1 नवंबर को होने वाले वृहद शिविर की तैयारियां की जा रही हैं। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पात्र लोगों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच आसान बनाना है। प्री-मेगा कैंप के जरिए लोगों को आगामी शिविर के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें।





















