चंदौली के अलीनगर थाना पुलिस ने गुरुवार को रेवसा रिंग रोड सर्विस लेन के पास चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन से गोवंश बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वाहन संख्या यूपी 65 सीटी 9902 को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान वाहन से एक गोवंश मिला, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के नियारडीह निवासी अखिलेश कुमार सिंह (40) और राज कुमार चौहान (48) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे वाहन स्वामी के कहने पर चोलापुर से गोवंश को लादकर बिहार ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि गोवंशों को बेचकर जीविकोपार्जन करते हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद गोवंश और वाहन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल पासवान समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















