सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर चुंगी तिराहे के पास एक महिला का पर्स छीनकर भाग रहे युवक को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पर्स में दो हजार रुपये रखे थे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने महिला को सुरक्षित लौटा दिया। पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, कृष्णानगर के आशुतोष नगर निवासी 56 वर्षीय रीना मिश्रा पत्नी स्वर्गीय प्रदीप मिश्रा बुधवार दोपहर चुंगी तिराहे के पास एक डेंटल क्लीनिक में दांतों की दवा लेने गई थीं। वहां से लौटने के बाद वह घर जाने के लिए सड़क पार करने के लिए खड़ी थीं। इसी दौरान एक युवक अचानक उनका पर्स छीनकर भागने लगा। महिला के साथ हुई इस घटना के बीच वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की नजर आरोपी पर पड़ गई।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रद्युम्न सिंह, आरक्षी करन सरोज और होमगार्ड जवान ध्यानचंद तिवारी व बृजमोहन यादव ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके कब्जे से दो हजार रुपये वाला पर्स बरामद कर रीना मिश्रा को सौंप दिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के स्कूटर इंडिया चौराहे के पास गांधीनगर निवासी आकाश कुमार भारती पुत्र रमेश कुमार भारती के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सड़क पर अकेले निकलने वाली महिलाओं के पर्स छीनकर उनमें मिलने वाले पैसों से अपना खर्च चलाता था। रीना मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की और गुरुवार को उसे जेल भेज दिया। घटना के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सतर्कता से महिला का पर्स बरामद हो गया और उनकी नकदी भी सुरक्षित वापस मिल गई।
रिपोर्ट: सुरेंद्र यादव, सरोजनीनगर, लखनऊ





















