लखनऊ। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत गुरुवार को सरोजनीनगर, बिजनौर और बंथरा थाना पुलिस ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सरकारी योजनाओं और करियर निर्माण के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने छात्राओं से किसी भी तरह की परेशानी होने पर चुप रहने के बजाय सामने आने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने की अपील की।
सरोजनीनगर पुलिस ने गौरी स्थित हीरालाल यादव बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। महिला उपनिरीक्षक साधना देवी, उपनिरीक्षक यशवंत सिंह, विकास कुमार, हेड कांस्टेबल चंद्रभान पटेल और महिला कांस्टेबल पूजा ने छात्र-छात्राओं को महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी और यूपी कॉप एप के बारे में बताया। इस दौरान 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने जागरूकता पोस्टर वितरित कर छात्राओं को उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया।
वहीं, बिजनौर पुलिस ने सीआरपीएफ गेट नंबर तीन के पास स्थित एक कोचिंग संस्थान में करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया। मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक आराधना वर्मा, एंटी रोमियो प्रभारी रामराज सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और महिला कांस्टेबल अमृता प्रतिभा ने छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी की सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह और कार्यस्थल पर लैंगिक शोषण जैसी समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कोचिंग संचालक इंतजार अली भी मौजूद रहे।
इसी क्रम में बंथरा पुलिस ने कस्बे के लाला राम स्वरूप इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश कुमार के नेतृत्व में निरीक्षक प्रदीप यादव, महिला उपनिरीक्षक नेहा यादव, महिला आरक्षी मोनी यादव और आरक्षी प्रबल कुमार ने ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए। पुलिस टीम ने लोगों को किसी के साथ ओटीपी साझा न करने और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। इन कार्यक्रमों के जरिए पुलिस ने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति सजग रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया।





















