बलरामपुर, उत्तर प्रदेश। बलरामपुर जिले के चरन गहिया बेल्हा गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार कार दुर्गा पंडाल में जा घुसी और वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय दुर्गा पंडाल में लोग मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पंडाल में घुस गई, जिससे वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















