चंदौली में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमें बाजारों, कस्बों, ग्रामीण इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं।
अभियान के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। पुलिस टीमों की ओर से महिलाओं को उनके अधिकारों और संरक्षण से जुड़े कानूनों के बारे में भी बताया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे उपलब्ध सहायता का लाभ उठा सकें।
जागरूकता कार्यक्रमों में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम-2013, दहेज निषेध अधिनियम और लिंग चयन प्रतिषेध कानून के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास बढ़ाने और किसी भी तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए जाएंगे
मिशन शक्ति अभियान के तहत साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और साइबर अपराधों की पहचान करने के तरीके बताए जाएंगे। इसके अलावा थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के कार्यों और वहां उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि जरूरत के समय महिलाएं बिना झिझक मदद ले सकें।





















