चंदौली के चकिया-इलिया मार्ग पर बरहुआ गांव के पास रविवार को ऑटो और इनोवा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार 65 वर्षीय मुन्नी देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 70 वर्षीय जामवंत और 25 वर्षीय गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के मुजडीह गांव निवासी दामोदर मिश्र अपने परिवार के साथ नवरात्र के अवसर पर बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित हरसू ब्रह्म बाबा के दर्शन के लिए ऑटो से जा रहे थे। इसी दौरान बरहुआ गांव के पास सामने से आ रही इनोवा कार से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। चिकित्सालय में इलाज के दौरान मुन्नी देवी ने दम तोड़ दिया। वहीं, जामवंत और गौरव का उपचार जारी है। वृद्धा की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया
सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और इनोवा कार को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





















