पूजा पर्व और आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें चंडीगढ़-बरौनी, शकूरबस्ती-पटना और शकूरबस्ती-झंझारपुर के बीच चलाई जाएंगी। इन विशेष ट्रेनों के चलने से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।
चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल 23 अक्टूबर से
गाड़ी संख्या 04536 चंडीगढ़-बरौनी फेस्टिवल स्पेशल 23 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार रात 11:45 बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी। यह शनिवार रात 10 बजे हाजीपुर और 10:20 बजे सोनपुर पहुंचेगी तथा रविवार रात 12:30 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04535 बरौनी-चंडीगढ़ स्पेशल 25 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार सुबह 2:35 बजे बरौनी से चलेगी। हाजीपुर, सोनपुर और छपरा होते हुए यह सोमवार सुबह 3:35 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
शकूरबस्ती-पटना के बीच अनारक्षित स्पेशल
गाड़ी संख्या 04404 शकूरबस्ती-पटना अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल 5, 6, 7, 10, 11, 12, 13 और 14 नवंबर को दोपहर 3:15 बजे शकूरबस्ती से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 9:40 बजे डीडीयू, 11:08 बजे बक्सर, दोपहर 12:40 बजे आरा और 1:20 बजे दानापुर होते हुए दोपहर 2:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04403 पटना-शकूरबस्ती स्पेशल 6, 7, 8, 11, 12, 13, 14 और 15 नवंबर को दोपहर 3:40 बजे पटना से चलेगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।
शकूरबस्ती-झंझारपुर के बीच भी मिलेगी सुविधा
गाड़ी संख्या 04410 शकूरबस्ती-झंझारपुर अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल 5, 6, 7, 10, 11, 12, 13 और 14 नवंबर को दोपहर 1 बजे शकूरबस्ती से रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 9:35 बजे नरकटियागंज, 10:40 बजे रक्सौल, दोपहर 12:35 बजे सीतामढ़ी और 2:20 बजे शिशो होते हुए शाम 4 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04409 झंझारपुर-शकूरबस्ती स्पेशल 6, 7, 8, 11, 12, 13, 14 और 15 नवंबर को शाम 6:15 बजे झंझारपुर से चलेगी। यह विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन रात 1:40 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों से त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।




















