चंदौली। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाताओं के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर चंद्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दिन मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार का कैमरा ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना सभी मतदाताओं के लिए जरूरी है। मतदान कक्ष में मोबाइल और कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में मतदाताओं को मतदान केंद्र पहुंचने से पहले इस निर्देश का ध्यान रखना होगा, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
मतपत्र पर मत दर्ज करने के लिए भी प्रशासन ने विशेष निर्देश दिए हैं। मतदाताओं को मतदान प्रकोष्ठ में पीठासीन अधिकारी की ओर से उपलब्ध कराए गए बैंगनी रंग के स्केच पेन से ही अपना मत दर्ज करना होगा। इसके लिए किसी अन्य पेन का इस्तेमाल नहीं किया जाना है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने वाराणसी खंड के सभी स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित नियमों के अनुसार मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराना है।





















