सुल्तानपुर के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात लकड़ी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा अखण्डनगर–कलान मार्ग पर सहतपुर पानी की टंकी के पास हुआ। ट्रक संख्या UP65 HT1522 के पलटने से मौके पर तेज आवाज हुई, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। गनीमत रही कि हादसे में चालक और खलासी सुरक्षित बच गए।
सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 11 बजे हुई। ट्रक पलटने के बाद चालक और खलासी किसी तरह बाहर निकल आए। दोनों ने ट्रक मालिक को घटना की जानकारी दी और इसके बाद वहां से चले गए। हादसे के बाद सड़क पर लकड़ी लदे ट्रक के पलटने की चर्चा रही।
ट्रक में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ियां लदी होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, लकड़ी की प्रजाति और उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह स्पष्ट होना बाकी है कि ट्रक में लदी लकड़ी प्रतिबंधित श्रेणी की थी या नहीं।
मामले को लेकर वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब जांच के बाद ही ट्रक में लदी लकड़ी की प्रजाति और उसके परिवहन से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





















