चंदौली। आगामी त्योहारों और एयर शो को देखते हुए जिले में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए 21 से 25 अक्टूबर तक नो-इंट्री प्लान लागू किया गया है। इस दौरान निर्धारित मार्गों पर ट्रक और अन्य भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक भारी वाहनों को छूट दी जाएगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
यातायात योजना के तहत कोयला मंडी से पड़ाव होते हुए रामनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह लंका मैदान से कटेसर होते हुए कोयला मंडी की ओर भी ट्रक और भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। इन दोनों मार्गों पर रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक छूट रहेगी, जबकि दिन के समय नो-इंट्री व्यवस्था सख्ती से लागू रहेगी।
इसके अलावा लंका मैदान से चकिया तिराहा होते हुए पड़ाव (मुगलसराय) की ओर जाने वाले मार्ग पर भी मालवाहक और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। ऐसे में ट्रक चालकों और परिवहन कारोबारियों को निर्धारित समय और मार्ग का ध्यान रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी, ताकि रास्ते में परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने ट्रक व्यापारियों और चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही कोयला मंडी क्षेत्र में मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर ट्रक या अन्य भारी वाहन खड़े नहीं करने की हिदायत दी गई है। त्योहारों और एयर शो के दौरान भीड़ तथा वाहनों के दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे आवागमन सुचारू बना रहे और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।





















