लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अमौसी गांव निवासी एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। जालसाजों ने केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर उनके दो बैंक खातों से कुल 91,998 रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने सरोजनीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अमौसी गांव निवासी अनीता देवी पत्नी राजेश कुमार के मुताबिक, तीन सितंबर 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताते हुए कहा कि उनके खाते की केवाईसी अपडेट नहीं है। इस पर अनीता देवी ने बैंक जाकर केवाईसी कराने की बात कही।
पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से 5,997 रुपये निकल गए। वहीं, 22 सितंबर को बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 86,001 रुपये कट गए। दोनों खातों से कुल 91,998 रुपये निकलने के बाद उन्हें ठगी का पता चला।
इसके बाद अनीता देवी ने पुलिस से शिकायत की। सरोजनीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से जालसाज का पता लगाने और मामले की जांच की जा रही है।





















