सुल्तानपुर। अखण्डनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद घर लौट रहे तीन युवक सड़क हादसे में घायल हो गए। बनवाहां–सिरखिनपुर मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में दो युवकों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर रेफर कर दिया गया। वहीं, तीसरे युवक को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के हरपुर गांव के श्रद्धालु मझुई नदी स्थित सुरहुर मुरादाबाद घाट पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने गए थे। विसर्जन के बाद सूरज पुत्र विनोद कुमार, किशन पुत्र बांके लाल और नीलेश पुत्र राम मिलन एक ही मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बनवाहां–सिरखिनपुर मोड़ के पास उनकी बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद तीनों युवक घायल हो गए।
हादसे के बाद परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. अभय चौरसिया ने प्राथमिक उपचार किया। सूरज और किशन को गंभीर चोटें आने के कारण जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर रेफर कर दिया गया, जबकि नीलेश को हल्की चोटें होने पर उपचार के बाद घर भेज दिया गया। रेफर किए गए दोनों युवकों की आगे की चिकित्सकीय स्थिति की जानकारी नहीं मिल सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोटरसाइकिल की तेज रफ्तार हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि, दुर्घटना के कारणों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। फिलहाल, पुलिस की ओर से मामले में किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।





















