23 अक्टूबर को पांच मतदान केंद्रों पर होगा मतदान, जिले में 1004 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग; डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के दिए निर्देश
श्रावस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अन्नपूर्णा गर्ग तथा मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद की मौजूदगी में आयोजित प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि जिले में मतदान के लिए पांच मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जहां कुल 1004 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। उन्होंने निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र तरीके से संपन्न कराई जाए। निर्वाचन कार्य की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।
पोलिंग पार्टियों को एक साथ रवाना करने के निर्देश
डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पोलिंग पार्टियां कलेक्ट्रेट से मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। सभी मतदान कार्मिकों को एक साथ निर्धारित वाहनों से भेजा जाए और पीठासीन अधिकारियों को सौंपी जाने वाली निर्वाचन सामग्री का अच्छी तरह मिलान किया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा।
मतदान प्रक्रिया की जिम्मेदारी पीठासीन अधिकारियों पर
मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक शाहिद अहमद ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद पोलिंग पार्टी के सदस्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच कर लें। मतदान शुरू होने से लेकर प्रक्रिया पूरी होने तक उसे सुचारु रूप से संपन्न कराना पीठासीन अधिकारी की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश के लिए अधिकृत व्यक्तियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े नियमों की जानकारी भी दी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ललित कुमार ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को बैलेट बॉक्स खोलने, बंद करने और सील करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान स्थलों का पहले से निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करा लें। प्रशिक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मुमताज अहमद, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी और जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।





















