चंदौली। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर 2026 को बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के धानापुर स्थित महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में एक दिवसीय मेला लगेगा। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में 30 से अधिक नियोजकों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार, रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। इसके अलावा कौशल विकास मिशन के विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को भी प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। मेले के माध्यम से युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार पाने का मौका मिल सकेगा।
रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर रोजगार मेले से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी, जिसके माध्यम से अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने युवाओं से समय रहते पंजीकरण पूरा करने की अपील की है।
सुबह 10 बजे पहुंचना होगा, दस्तावेज साथ लाएं
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। उन्हें अपने सभी शैक्षिक मूल अंकपत्र, प्रमाणपत्र, बायोडाटा और चार पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। जिला सेवायोजन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।





















