चंदौली। वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का जायजा ले रहे हैं।
मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारी केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच करने के साथ संबंधित कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने और बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।





















