चंदौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को जिले में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दो घंटे में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 5.59 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही जारी रही। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क रहा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के बीच हो रहा मतदान
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदाताओं की पहचान की जांच और आवश्यक सत्यापन के बाद ही उन्हें मतदान केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चुनाव में वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया समेत आठ जिलों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षक निर्वाचन के लिए 112 और स्नातक निर्वाचन के लिए 257 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
चंदौली जिले में मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। जिला प्रशासन का जोर है कि सभी पात्र मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।





















