चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव के पास माइनर में बोरे में बंद मिले दोनों युवकों के शवों की पहचान हो गई है। मृतकों की पहचान धानापुर थाना क्षेत्र के मेढ़वा नगवा निवासी सिद्धार्थ सिंह (34) और कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर निवासी सागर त्रिपाठी (36) के रूप में हुई है। दोनों दोस्त करीब तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने निकले थे। उनकी संदिग्ध मौत के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर दोनों शवों की शिनाख्त की। जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ की मां कानपुर में रहती हैं, जबकि उनके पैतृक गांव में जमीन-जायदाद है। बताया गया कि वाराणसी पहुंचने के बाद सिद्धार्थ अपने गांव भी गया था। इसके बाद दोनों दोस्त डेढ़गांवा कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस दोनों युवकों की गतिविधियों, मोबाइल फोन और उनके परिचितों से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों आखिरी बार कहां देखे गए थे और उनके साथ क्या हुआ। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके।
सीओ सकलडीहा कृष्णमुरारी शर्मा के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस संपत्ति विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं है।





















