एक ही परिसर में मिलेगी निःशुल्क कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं की जानकारी और विभिन्न प्रमाणपत्रों के लिए मार्गदर्शन
चंदौली। आमजन को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने और पात्र लोगों तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से एक नवंबर को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली परिसर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टाल लगाए जाएंगे। यहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवश्यक सेवाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में मदद की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव निकिता गौड़ ने बताया कि शिविर में आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत से संबंधित जानकारी और विभिन्न प्रमाणपत्रों के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए संबंधित विभागों की ओर से जानकारी दी जाएगी। शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बनाना है।
कई विभाग लगाएंगे स्टाल
शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, बाल विकास, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन, खाद्य एवं रसद, कृषि, शिक्षा, उद्योग, बैंकिंग, कौशल विकास, डेयरी विकास, पशुपालन, मत्स्य पालन, श्रम और पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे।
इसके अलावा राजस्व, परिवहन, युवा कल्याण, संस्कृति, वन, डाक, महिला कल्याण, जल शक्ति, विद्युत वितरण, खादी ग्रामोद्योग, नगर पालिका परिषद, आईटीआई, नाबार्ड, कृषि उत्पादन मंडी समिति तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग भी शिविर में सहभागिता करेंगे।
एक ही स्थान पर मिलेगी योजनाओं की जानकारी
शिविर के माध्यम से लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं, पात्रता की शर्तों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा। प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल से पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा आमजन को कानूनी सेवाओं के प्रति जागरूक करने में मदद मिलने की उम्मीद है।





















