सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का लिया संकल्प
वाराणसी। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को वाराणसी जोन कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में एडीजी नवीन अरोरा ने स्वयं भी शपथ ली। इसके बाद कार्यालय के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया। पुलिसकर्मियों ने देशवासियों के बीच एकता और सद्भाव का संदेश फैलाने के साथ ही राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर एडीजी नवीन अरोरा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कार्यों से देश को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों के कारण ही स्वतंत्र भारत में राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूती मिली। उन्होंने पुलिसकर्मियों से लौह पुरुष के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।





















