60 स्टेशनों पर चला सफाई अभियान, 1200 स्थानों की हुई सफाई; 400 जनसंवाद कार्यक्रमों में यात्रियों से लिया फीडबैक
पीडीडीयू नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में स्वच्छता, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 17 सितंबर से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता पखवाड़ा और स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, रेल कॉलोनियों, कार्यालयों और अन्य परिसरों में व्यापक सफाई एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन समेत मंडल के 60 स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। रेलवे ट्रैक के किनारे जमा कचरे, कचरा संवेदनशील स्थलों और पुराने कचरा स्थलों की पहचान कर उनका निस्तारण कराया गया। प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, शौचालय और नालियों की सफाई के साथ 1200 क्लीनिंग टारगेट यूनिट (सीटीयू) को स्वच्छ किया गया। रेलवे परिसरों में स्थित तालाबों की भी सफाई कराई गई।
स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रेलवे स्कूलों में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के साथ स्वच्छता रैली तथा जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। लोगों को गीले, सूखे, सैनिटरी और विशेष देखभाल वाले कचरे को अलग-अलग रखने, होम कंपोस्टिंग अपनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने के लिए प्रेरित किया गया। सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। उन्हें सुरक्षा उपकरण वितरित करने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया।
एक अक्टूबर को आयोजित ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम में 1200 से अधिक लोगों ने श्रमदान किया। वहीं, गांधी जयंती पर दो अक्टूबर को स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी और रैली निकाली गई। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 750 पौधे लगाए गए। स्वच्छता शपथ कार्यक्रम में 2200 लोगों ने भागीदारी की।
13.72 करोड़ रुपये के स्क्रैप की बिक्री
विशेष अभियान 6.0 के तहत एक से 31 अक्टूबर के बीच डीडीयू मंडल ने 13.72 करोड़ रुपये के स्क्रैप की बिक्री की। वहीं, ई-वेस्ट की बिक्री से 7,35,564 रुपये की आय हुई। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर करीब 400 जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें रेल अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर रेलवे सुविधाओं के संबंध में सुझाव और फीडबैक प्राप्त किया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों और आम नागरिकों से रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने में सहयोग की अपील की।





















