ओवरलोडिंग, फ्रंट सीट पर सवारी बैठाने और अनधिकृत पार्किंग पर रोक, निर्धारित स्टैंड व रूट से ही करना होगा वाहनों का संचालन
चंदौली। यातायात माह के तहत यातायात पुलिस की ओर से मंगलवार को ऑटो और ई-रिक्शा (टोटो) चालकों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित शिविर में नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
शिविर में यातायात पुलिस ने चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और ऑटो की अगली सीट पर सवारी बैठाने से परहेज करने की हिदायत दी। साथ ही निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने को कहा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सवारी बैठाने और उतारने के लिए निर्धारित स्टैंड अथवा सड़क किनारे तय सुरक्षित स्थान का ही इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।
चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र, परमिट और बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने को कहा गया। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात संकेतों व ट्रैफिक लाइट का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया। इसके अलावा नाबालिगों को ऑटो और ई-रिक्शा चलाने की अनुमति नहीं देने की सख्त हिदायत दी गई।
प्रभारी निरीक्षक यातायात ने चेतावनी दी कि जागरूकता अभियान के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान, वाहन सीज करने सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने चालकों और आमजन से नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।





















