सेंट हनीफ इंटरमीडिएट स्कूल सेमरा में यातायात पुलिस ने लगाया शिविर, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की दी जानकारी
चंदौली। यातायात माह के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सेंट हनीफ इंटरमीडिएट स्कूल, सेमरा में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें करीब 270 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक यातायात-2 सुरेंद्र यादव और प्रभारी निरीक्षक यातायात-1 सत्यप्रकाश यादव ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों और उनके पालन का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए पैदल चलते समय सतर्कता बरतने और सड़क पार करने के लिए निर्धारित सुरक्षित स्थान का इस्तेमाल करने की जरूरत है।
अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से दूर रखने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का आधार है। जागरूकता और सावधानी से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।





















