श्रावस्ती में अब तक 40 परीक्षा केंद्र निर्धारित, 50 विद्यालयों के प्रत्यावेदन मिले; CCTV और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
श्रावस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संदिग्ध छवि वाले और ब्लैकलिस्टेड विद्यालयों को किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र न बनाया जाए।
परीक्षा केंद्र निर्धारण के संबंध में आयोजित बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक कुल 40 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जा चुके हैं, जबकि 50 विद्यालयों की ओर से प्रत्यावेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी ने इन प्रत्यावेदनों की जांच पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए केंद्रों का चयन किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों को अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए 10 से 12 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले परीक्षा केंद्र आवंटित करने से बचने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी सहित शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





















