डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत लगा शिविर, रेल पेंशनरों को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया भी बताई गई
डेहरी ऑन सोन। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की ओर से गुरुवार को डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन पर शिविर आयोजित किया गया। इसमें 12 पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाए गए। शिविर का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया आसान बनाना और डिजिटल सुविधा के प्रति जागरूक करना था।
शिविर के दौरान उप स्टेशन अधीक्षक कार्यालय सहित स्टेशन के विभिन्न अनुभागों में पहुंचकर सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और महिला पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने में सहायता प्रदान की गई। इस दौरान उपस्थित रेलकर्मियों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि वे भविष्य में बिना किसी परेशानी के इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में संबंधित बीट के कल्याण निरीक्षक, वित्त विभाग के नामित कर्मचारी, स्टेशन अधीक्षक सहित अन्य रेलकर्मियों ने सहयोग किया। रेलवे की ओर से अभियान के तहत पेंशनरों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने और प्रक्रिया को सरल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अभियान के अगले चरण में छह नवंबर को गया जंक्शन पर शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने के साथ ही ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी।





















