एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, ऑनलाइन पोर्टल पर नागरिक खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी; प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील
चंदौली। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना का अवसर मिलेगा। इस दौरान लोग ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे।
इस संबंध में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें स्थानीय पत्रकारों, डिजिटल मीडिया संगठनों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने प्रतिभाग किया। बैठक का संचालन जिला प्रभारी जनगणना, लखनऊ मनोज कुमार सिंह कुशवाहा ने किया।
बैठक में बताया गया कि स्व-गणना के लिए नागरिकों को se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने परिवार की जानकारी दर्ज करनी होगी। प्रशासन ने इस प्रक्रिया के महत्व और जनगणना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों तक इसकी सूचना पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रशासन ने पत्रकारों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल मीडिया से जुड़े लोगों से जनगणना अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की। इसके लिए व्हाट्सएप समूहों, सोशल मीडिया हैंडल और विभिन्न वेबसाइटों के माध्यम से जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्व-गणना की प्रक्रिया में भाग ले सकें।
प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे 16 से 30 नवंबर के बीच पोर्टल पर अपनी स्व-गणना अवश्य पूरी करें। इसके बाद एक दिसंबर से घर पहुंचने वाले प्रगणकों को अपनी स्व-गणना आईडी अथवा उत्तर प्रदेश शासन की ओर से अधिसूचित 40 प्रश्नों से संबंधित सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में जनसहभागिता आवश्यक है। सभी नागरिक इसमें सक्रिय सहयोग करें।





















