29 जुलाई को दर्ज हुआ था मुकदमा, साक्ष्य संकलन के बाद आरोपी को घर से दबोचा
श्रावस्ती। महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इकौना थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे की विवेचना और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने उसे उसके घर से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर 29 जुलाई को इकौना थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी अलादीन उर्फ अल्लादीन को बैदौरा दाखिला टण्डवा महन्थ स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
श्रावस्ती पुलिस का कहना है कि महिला संबंधी अपराधों के मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।







