मिर्जापुर से दबोचा गया
वाराणसी। कोतवाली थाना पुलिस ने कथित अवैध धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी मिट्टू अंसारी उर्फ मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र के कठनई गांव से पकड़ा गया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी के मामा के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मामले में परिवार के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद वह मुंबई में रह रहा था। हाल ही में वह अपने मामा से मिलने मिर्जापुर आया था, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।







