शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
फरियादियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश, बेहतर पुलिसिंग पर दिया जोर
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सभी मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि पुलिस व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पुलिस तथा जनता के बीच विश्वास को और सुदृढ़ बनाना है।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा की जाएगी।






