सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र में बुधवार-वृहस्पतिवार की देर रात लोरपुर गोलीकांड के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी मुकेश कुमार वर्मा उर्फ मुन्ना वर्मा पुत्र शिवमंगल वर्मा के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी गोदलपुर गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, देर रात टीम संदिग्धों की तलाश और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्धों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। पुलिस का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में मुकेश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। सीएचसी अखंडनगर में डॉ. अभय चौरसिया ने उसका प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर सीओ कादीपुर विनय गौतम भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घायल आरोपी ने सोमवार को लोरपुर गांव में हुई फायरिंग की घटना में अपने साथियों के साथ शामिल होने की बात कही है। हालांकि, पुलिस द्वारा बताए गए इस कथित बयान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि सोमवार दोपहर लोरपुर गांव में पानी की टंकी के पास पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट के बाद फायरिंग हुई थी। घटना में ऋषिकेश समेत दो लोग घायल हुए थे और मौके से पुलिस ने खोखे बरामद किए थे।
घायल ऋषिकेश की तहरीर पर तीन नामजद समेत करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में नामजद आरोपी सचिन वर्मा को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।





















