सुल्तानपुर में नवरात्रि, दशहरा और दुर्गापूजा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने पुलिस लाइंस में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के साथ जुलूस और शोभायात्रा के मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया।
बैठक में सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट और भ्रामक सूचनाओं के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। पुलिस-प्रशासन ने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में डीआईजी अयोध्या सोमेन बर्मा, एसपी सुल्तानपुर विनीत जायसवाल और जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने, संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।





















