एसडीएम के निर्देश पर कराया गया उपचार
जलेसर। विकासखंड अवागढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत वीर नगर लोधीपुर में घायल अवस्था में पड़े एक निराश्रित गौवंश को लेकर ग्राम प्रधान का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। सूचना मिलने पर एसडीएम के निर्देश पर पशु चिकित्सक की टीम ने मौके पर पहुंचकर गौवंश का उपचार कराया। वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, रामबाग आश्रम के पास बम्बा की पटरी पर एक निराश्रित गौवंश पिछले करीब 24 घंटे से घायल अवस्था में पड़ा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौवंश की देखभाल के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसी बीच एक गौ-रक्षक द्वारा ग्राम प्रधान से इस संबंध में बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल ऑडियो में ग्राम प्रधान योगेश कुमार पर एक जाति विशेष को लेकर टिप्पणी करने का आरोप लगाया जा रहा है। ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है कि क्षेत्र में एक विशेष समुदाय के लोग ही गाय पालते हैं और वही उन्हें छोड़ देते हैं। हालांकि, इस वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम पीयूष रावत ने तत्काल पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर भेजा। पशु चिकित्सकों ने घायल गौवंश का उपचार किया।
एसडीएम पीयूष रावत ने बताया कि घायल निराश्रित गौवंश की सूचना मिलने पर तत्काल पशु चिकित्सा टीम को भेजकर उसका उपचार कराया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की आवश्यक जानकारी भी जुटाई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर वायरल ऑडियो और घायल गौवंश को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है। वहीं प्रशासन का कहना है कि तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








