डीएम के निर्देश पर नगर पालिका की कार्रवाई
सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर नगर पालिका परिषद सुलतानपुर ने बुधवार को शहर में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज के नेतृत्व में नगर पालिका और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने प्रमुख बाजारों, सड़कों और पटरियों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कोतवाली नगर से जिला अस्पताल, सब्जी मंडी, केनरा बैंक, चौक घंटाघर, आगरा मिष्ठान भंडार चौराहा, गल्लामंडी, बस स्टेशन और गोलाघाट पुल तक सड़क के दोनों ओर एवं पटरियों पर अवैध रूप से दुकानें लगाने वाले दुकानदारों और पथ विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने अतिक्रमण हटवाने के साथ संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी।
नगर पालिका परिषद ने अभियान के दौरान 5 अतिक्रमणकारियों पर कुल ₹4,000 का जुर्माना लगाया और अतिक्रमण से संबंधित बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया।
अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज ने बताया कि नगर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका एवं पुलिस विभाग का संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चेतावनी और जुर्माने के बावजूद यदि कोई दोबारा अतिक्रमण करता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पथ विक्रेताओं से अपील की गई कि वे केवल निर्धारित वेंडिंग जोन में ही दुकान लगाएं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम नागरिकों को असुविधा न हो।
अभियान में पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक बब्लू कुमार सोनकर, नगर पालिका के सहायक अभियंता संतोष कुमार, अवर अभियंता नीलम कुमारी, राजस्व निरीक्षक प्रवीण सिंह, अनूप कुमार भारती सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।







