चार आरोपी गिरफ्तार; नकदी, मोबाइल और अवैध हथियार बरामद
औरैया पुलिस की बड़ी सफलता: तीन दिन पहले हुई लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना अछल्दा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त दो बाइकें बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि दिबियापुर थाना क्षेत्र के घेरा निवासी रवि बाबू पाल ने 22 जुलाई को अछल्दा थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 21 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा के पास दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट की और मोबाइल फोन, करीब 13,500 रुपये नकद, बाइक की चाबी और हेलमेट लूटकर फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर तुर्कपुर बंबा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा पुत्र रामकृष्ण, चंद्रभान उर्फ टिल्लू पुत्र सुरेश बाबू, मनोज कुमार पुत्र विजय सिंह तथा सर्बजीत पुत्र राजू दोहरे के रूप में हुई है। सभी आरोपी दिबियापुर थाना क्षेत्र के जयकरन पुरवा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 12,200 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन, दो तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 21 जुलाई की रात उन्होंने अकेले जा रहे बाइक सवार को देखकर लूट की योजना बनाई। रास्ता पूछने के बहाने पीड़ित को रोककर उसे डराया-धमकाया और नकदी व मोबाइल लूट लिया। आरोपियों ने बाइक की चाबी और हेलमेट साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से नहर में फेंक दिए थे। लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर लिया गया था, जिसमें से कुछ खर्च हो चुकी थी, जबकि शेष राशि पुलिस ने बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।







