छह लोगों पर मुकदमा दर्ज
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने अस्पताल संचालकों और कर्मचारियों पर नाबालिगों से जबरन काम कराने, बंधक बनाकर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाबालिगों से जबरन काम कराने का आरोप
अजीतमल के आर्य नगर निवासी राजवीर पुत्र हरिकृष्ण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके दो छोटे भाई और चाचा के दो नाबालिग पुत्रों से कथित रूप से एक अस्पताल में जबरन घरेलू और अन्य कार्य कराए जाते थे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता था।
चाय छूने पर मारपीट का आरोप
पीड़ित के अनुसार, 5 जुलाई को उसके भाई राज को बहाने से अस्पताल बुलाया गया। वहां रखी चाय उसके भाई द्वारा छू लेने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
राजवीर का आरोप है कि जब उसकी मां जय लक्ष्मी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो उनके साथ भी अभद्रता की गई तथा जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
झाड़ू-पोछा और टॉयलेट साफ कराने का भी आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में नाबालिग बच्चों से झाड़ू-पोछा, पौधों की देखभाल, टॉयलेट की सफाई और अन्य कार्य जबरन कराए जाते थे।
छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर पप्पू पांडेय, विनोद पांडेय, गुड्डू पांडेय, रामजी पांडेय, गोरेलाल और श्यामजी पांडेय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का पक्ष
सीओ सदर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में कार्य कर रहे लोगों और शिकायतकर्ता के भाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







