औरैया के कुदरकोट कस्बे के मुख्य बाजार स्थित जय मां अलोपा देवी ज्वेलर्स की दुकान पर शनिवार दोपहर कथित टप्पेबाजी का मामला सामने आया। घटना के समय दुकान संचालक समीर कानपुर किसी काम से बाहर गए थे, जबकि दुकान पर उनके छोटे भाई शिवम वर्मा मौजूद थे। शिवम के मुताबिक, दोपहर करीब 2:10 बजे एक व्यक्ति दुकान पर सामान देखने पहुंचा और उसने बाली व ताबीज दिखाने को कहा।
शिवम वर्मा ने बताया कि ग्राहक ने सामान दिखाने के एवज में 1,790 रुपये भी दिए थे। आरोप है कि सामान दिखाने के दौरान उसने मौका पाकर तिजोरी से छह सोने की अंगूठियां निकालकर अपनी जेब में रख लीं। इसके बाद वह बाली और ताबीज दुकान पर ही छोड़कर वहां से चला गया। ग्राहक के जाने के बाद जब दुकान में सामान व्यवस्थित किया गया तो छह सोने की अंगूठियां गायब मिलीं।
घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में मामले की चर्चा होने लगी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान में जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने के साथ ही पुलिस घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है।
कुदरकोट थाना प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कराई। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। दुकानदार की ओर से गायब हुई सोने की अंगूठियों की कीमत के संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।





















