अयोध्या में भगवान चित्रगुप्त जी की ‘वैभव’ शोभायात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अयोध्या कायस्थ विकास संस्थान की ओर से एक नवंबर को प्रस्तावित इस यात्रा को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। संगठन के अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव ने मंगलवार को अपनी टीम के साथ कचहरी परिसर में लोगों से संपर्क कर शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की। आयोजकों के मुताबिक, अयोध्या जिले के इतिहास में पहली बार भगवान चित्रगुप्त जी की यह शोभायात्रा निकाली जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा एक नवंबर को सुबह 10:30 बजे सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क से शुरू होगी। यहां से यात्रा रिकाबगंज, चौक, बजाजा और फतेहगंज होते हुए चित्रगुप्त हॉस्टल पहुंचकर संपन्न होगी। कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन ने अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी है।
संस्थान के प्रवक्ता जेपी श्रीवास्तव ने बताया कि भगवान चित्रगुप्त की ‘वैभव’ यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए विधानसभा और तहसीलवार टीमें बनाई गई हैं। सोहावल क्षेत्र की जिम्मेदारी युवा सभासद आशीष श्रीवास्तव और अंकुर श्रीवास्तव को दी गई है, जबकि रुदौली क्षेत्र के प्रभारी जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव बनाए गए हैं। वहीं, हैदरगंज, जाना बाजार, नन्सा बाजार, तारुन और भदरसा क्षेत्रों में जनसंपर्क की जिम्मेदारी सुमित्रा फार्मेसी के प्रबंधक राजकुमार श्रीवास्तव को सौंपी गई है।
मंगलवार को कचहरी में जनसंपर्क अभियान के दौरान संगठन के उपाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव एडवोकेट, सुनील श्रीवास्तव एडवोकेट, महेश श्रीवास्तव एडवोकेट, पीयूष रंजन श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव विक्की एडवोकेट, अवधेश श्रीवास्तव एडवोकेट, अनुराग श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, मधुकर आनंद और देश दीपक जौहरी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संगठन की ओर से यात्रा को सफल बनाने के लिए लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है।





















