अयोध्या में दुर्गापूजा और रामलीला आयोजनों को देखते हुए केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति ने मंगलवार दोपहर निर्मली कुंड स्थित विसर्जन घाट का निरीक्षण किया। समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, संयोजक गगन जायसवाल और घाट निर्माण प्रभारी संजय श्रीवास्तव के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घाट निर्माण और विसर्जन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
समिति की ओर से अधिकारियों के सामने घाट का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग रखी गई। समिति के आग्रह पर एडीएम सिटी दिनेश, एसपी सिटी चक्रपाणि पांडेय और नगर मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय ने घाट निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए शीघ्र कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। समिति का कहना है कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करना जरूरी है।
केंद्रीय समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर के अनुसार, घाट निर्माण प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने इस बार पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ा बड़ा प्लेटफार्म तैयार कराने की मांग रखी है। उनका कहना है कि बड़ा प्लेटफार्म होने से अधिक संख्या में प्रतिमाओं का एक साथ सुरक्षित तरीके से विसर्जन कराया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आशीष रंजन, एई राज नारायण तिवारी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समिति ने प्रशासन से घाट निर्माण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कराने की अपील की है, ताकि दुर्गापूजा के दौरान विसर्जन में किसी तरह की दिक्कत न आए।





















