सुल्तानपुर में पूर्व भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी की समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुलाकात के दौरान देवमणि द्विवेदी ने माता प्रसाद पांडेय को पुस्तक ‘परशुराम की परीक्षा’ भेंट की। पूर्व विधायक के मुताबिक, वह माता प्रसाद पांडेय के निजी आवास पर उनका हालचाल लेने पहुंचे थे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि माता प्रसाद पांडेय पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं और उनके प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा है।
हालांकि, दोनों नेताओं की मुलाकात और सामने आई तस्वीर के बाद राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात को लेकर सुल्तानपुर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और लोग इसे राजनीतिक नजरिए से भी देख रहे हैं।
फिलहाल देवमणि द्विवेदी की ओर से मुलाकात को स्वास्थ्य संबंधी कुशलक्षेम से जोड़ा गया है। ऐसे में इस मुलाकात का राजनीतिक रूप से कोई अगला असर सामने आता है या नहीं, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा। फिलहाल तस्वीर वायरल होने के बाद जिले की सियासत में इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं जरूर गर्म हैं।





















