अयोध्या। रामकथा पार्क में सेवा संकल्प अभियान के तहत तैयार की गई विशाल रंगोली इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 112 फुट लंबी और 120 फुट चौड़ी इस रंगोली में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को अलग-अलग चित्रों के माध्यम से उकेरा गया है। रंगोली में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, डिजिटल इंडिया, रक्षा गलियारा और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क समेत कई योजनाओं को जगह दी गई है। रंगोली का उद्घाटन एवं अवलोकन विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने किया।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि रंगोली के जरिए बीते वर्षों में हुए विकास और जनकल्याण के कार्यों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। उनके मुताबिक, इसमें सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और विकसित भारत की परिकल्पना को भी चित्रों के माध्यम से दिखाने का प्रयास किया गया है। वहीं रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि रंगोली में देश में हो रहे बदलाव और विकास की दिशा को कलात्मक रूप से उकेरा गया है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का एक माध्यम बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सेवा और विकास की यात्रा को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत करने का यह प्रयास लोगों को योजनाओं से जोड़ने में मदद करता है। कार्यक्रम संयोजक प्रवीण दूबे ने बताया कि रंगोली को विषयवार तैयार किया गया है, जिसमें केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों को चित्रों के जरिए दर्शाया गया है। विशाल आकार और रंगों के संयोजन के कारण इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुट रही है।
कार्यक्रम के दौरान महानगर उपाध्यक्ष बाल कृष्ण वैश्य, जय प्रकाश श्रीवास्तव, अमित मिश्र सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रामकथा पार्क में तैयार यह विशाल रंगोली न सिर्फ अपनी भव्यता के कारण लोगों का ध्यान खींच रही है, बल्कि इसे तैयार करने वाले कलाकारों की मेहनत और रचनात्मकता भी लोगों को आकर्षित कर रही है।





















